जगदलपुर में मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण पूर्व 48 दिव्यांगजनों का हुआ परीक्षण
जगदलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। सक्षम भारत–समर्थ भारत अभियान के तहत मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण प्रकल्प अंतर्गत आज साेमवार काे श्रीजगन्नाथ मंदिर जगदलपुर में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए अस्थि बाधित दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण हेतु शारीरिक माप एवं पूर्व परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह प्रकल्प दिव्यांगजनों को अधिक स्वावलंबी, गतिशील एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मोटराइज्ड व्हीलचेयर के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों में सहायता मिलेगी। इस शिविर में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए 40 दिव्यांगजनों का शारीरिक माप एवं आवश्यक परीक्षण किया गया। साथ ही ओडिशा से आए 8 दिव्यांगजनों का भी माप एवं पूर्व परीक्षण किया गया। इस प्रकार कुल 48 दिव्यांगजनों का मोटराइज्ड व्हीलचेयर हेतु परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सक्षमभारत–समर्थ भारत के प्रांत समन्वयक सतीश राजवाड़े ने बताया कि हमारा उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक, स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करना है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. अनुरूप साहू अधीक्षक मेडिकल कॉलेज जगदलपुर, चंद्रप्रकाश देवांगन, देवानंद समाज प्रमुख, हेमंत पांडे समाजसेवी, सक्षम भारत–समर्थ भारत के प्रांत समन्वयक सतीश राजवाड़े, रोशन चंद्राकर डिप्टी डायरेक्टर रेशम विभाग, प्राची गर्ग प्रांत बौद्धिक प्रमुख राष्ट्रीय सेविका समिति, संगीता महापात्र राष्ट्रीय सेविका समिति, विश्वजीत सरमंडल सक्षम मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण प्रभारी, संजय पदवाड, अविनाश इंजीनियर नियाेमेंशन कंपनी, मानसिंह बंजारे कृषि अभियंता जगदलपुर, कुणाल चालीसगावरकर, दुर्लभ पाणिग्रही, मोहन पाणिग्रही, संजय चंद्रा एवं आकाश गौतम सहित अन्य गणमान्यजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे