44 लाख की लागत से मुक्तिधाम का होगा कायाकल्प, महापौर रामू रोहरा ने किया भूमिपूजन

 


धमतरी, 08 जून (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के डाक बंगला वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों के उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 44 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा एवं विशिष्ट अतिथि लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुक्तिधाम केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी सुव्यवस्थित व्यवस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण आवश्यक है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद मुक्तिधाम में आने वाले लोगों को अधिक सुविधाजनक, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ सौंदर्यीकरण कार्य भी किया जाएगा, जिससे स्थल की गरिमा और उपयोगिता दोनों में वृद्धि होगी।

लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि नगर निगम जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दे रहा है। मुक्तिधाम के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इससे वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मुक्तिधाम की व्यवस्था और स्वरूप में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम, विशु देवांगन, कुशल देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन, नारायण देवांगन, पवन गजेंद्र, संतोष देवांगन, मनोज दुबे, प्रहलाद मंडावी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा