कड़ी सुरक्षा में 410 परीक्षार्थियों ने दी पीपीएचटी परीक्षा

 




धमतरी, 21 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 21 मई को आयोजित प्री फार्मेसी टेस्ट (पीपीएचटी) परीक्षा में कड़े नियमों के बीच कई अभ्यर्थियों को पहचान पत्र न होने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका। परीक्षा में कुल 566 अभ्यर्थियों में से 410 उपस्थित रहे, वहीं 156 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

प्रदेश के सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों में फार्मेसी के स्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए व्यापमं द्वारा गुरुवार को जिले के दो परीक्षा केंद्रों बीसीएस पीजी कालेज और एनआरएम शासकीय कन्या महाविद्यालय में पीपीएचटी परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक एक ही पाली में हुई। परीक्षा में कुल 566 अभ्यर्थियों में से 410 उपस्थित रहे, वहीं 156 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। व्यापमं के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों में ड्रेस कोड को लेकर विशेष कड़ाई बरती गई। गहरे रंग के कपड़े, फुल आस्तीन की शर्ट, बेल्ट, जूते, घड़ी, कान के आभूषण पहनकर पहुंचे कई अभ्यर्थियों को बाहर रोक दिया गया। उन्हें निर्धारित नियमों के अनुरूप कपड़े बदलकर आने के बाद ही प्रवेश दिया गया।

वहीं सुबह साढ़े नौ बजे के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला, जिससे कुछ परीक्षार्थी निराश भी नजर आए। फुल आस्तीन के कपड़े पहनकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर कैंची और चाकू से आस्तीन काटकर उन्हें हाफ कराया। कई अभ्यर्थी और उनके स्वजन परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने के लिए अधिकारियों से आग्रह करते नजर आए। परीक्षा में परीक्षार्थियों को 150 नंबर के प्रश्नों को हल करने के लिए तीन घंटे का समय दिया गया था। प्रश्न पत्र में भौतिकी और रसायन विज्ञान के सवालों को हल करने में कठिनाई हुई। इन दोनों सेक्शन के प्रश्नों को हल करना अनिवार्य था। गणित और जीव विज्ञान सेक्शन में से कोई भी एक को हल करना था जिसे परीक्षा आवेदन भरते समय अभ्यर्थी ने चयनित किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा