गंदे पानी और खराब भोजन से परेशान एकलव्य विद्यालय के 400 छात्र सड़क पर उतरे, कोरबा-कटघोरा मार्ग रहा जाम
कोरबा, 01 अगस्त (हि. स.)। कटघोरा के सलोरा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने शनिवार सुबह स्कूल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गंदे पानी, खराब गुणवत्ता के भोजन और विद्यालय प्रबंधन के कथित दुर्व्यवहार से परेशान विद्यार्थियों ने विद्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया। छात्रों के आंदोलन के कारण कोरबा-कटघोरा मार्ग पर करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा।
विद्यार्थियों का आरोप है कि विद्यालय में पीने, नहाने और अन्य उपयोग के लिए दूषित पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे कई छात्रों को त्वचा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें स्तरहीन दाल और सब्जी परोसी जा रही है। वहीं दूध वितरण की व्यवस्था भी सही नहीं है। समय पर वितरण नहीं होने से दूध खराब होकर फेंकना पड़ता है।
छात्रों ने बताया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर कई बार प्राचार्य और अधीक्षिका से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विद्यार्थियों का आरोप है कि प्रबंधन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इसी नाराजगी के चलते शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के कारण कोरबा-कटघोरा और कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आम लोगों, कर्मचारियों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और कटघोरा एसडीएम तुलाराम भारद्वाज तथा आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिकायतों को दर्ज किया। अधिकारियों ने मामले में आगे जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त किया और विद्यालय वापस लौट गए। हालांकि विद्यार्थियों का कहना है कि अभी तक उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हुआ है।
छात्रों ने प्राचार्य डॉ. असद अहमद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समस्याओं की शिकायत करने पर प्राचार्य द्वारा टीसी काटने की धमकी दी जाती है। छात्रों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, जिसके बाद उन्हें आंदोलन करना पड़ा।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले भी एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह से शिकायत की थी।
विद्यार्थियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार और प्राचार्य को हटाने की मांग रखी थी। आश्वासन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर छात्रों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी