गंगरेल के अंगारमोती धाम में प्रज्वलित हुई 3741 मनोकामना ज्योत, भक्तिमय हुआ माहौल

 


धमतरी, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गंगरेल स्थित प्रसिद्ध अंगारमोती धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई। इस दौरान मां अंगार मोती दाई की विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र सहित समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई।

मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा श्रद्धालु उपस्थित होकर मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए। अंगार मोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मरई ने बताया कि मां अंगार मोती दाई की कृपा असीम है और सच्चे मन से मां के दरबार में आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक सजावट और आकर्षक साज-सज्जा से दरबार की भव्यता और भी बढ़ गई है। नवरात्र के दौरान इस वर्ष कुल 3741 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई, जिसमें 1133 घी ज्योत और 2608 तेल ज्योत शामिल हैं। ज्योत प्रज्वलित कराने वाले श्रद्धालुओं में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के भक्त शामिल हैं। इसके अलावा विदेशों से भी श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, विशेष रूप से ओमान के भक्तों ने भी मनोकामना ज्योत जलवाकर अपनी आस्था प्रकट की।नवरात्र के दौरान अंगार मोती धाम में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे है।

इस मौके पर उपाध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर,डा संरक्षक डा ए.आर., संरक्षक शिवचरण नेताम, सचिव ढालू राम ध्रुव,सह सचिव देवानंद नेताम, कोषाध्यक्ष ओंकार सिंह मरकाम, सदस्य हेमलाल ठाकुर,कोमल सिंह ठाकुर, नरोत्तम सिंह ठाकुर, पुजारी ईश्वर सिंह नेताम, मनराखन ठाकुर, उदय नेताम, गणेश्वर ध्रुव, जय पाल सिंह ठाकुर, ललित ठाकुर, भगत राम उईके, राम जी ध्रुव, शत्रुघन नेताम, बलिराम ध्रुव, राधेश्याम नेताम, गीता नेताम, कार्यकर्ता बुंधन्तीन नेताम, अनिता ध्रुव,मानसिंह मरकाम, अर्जून सिंह कोर्राम, तुकाराम मरकाम,शिव कुमार कुंजाम,बंसत राम नेताम, राजेन्द्र पकोड़ी, नरेंद्र कुमार,हरिराम नेताम, रोशन लाल मरकाम, देवेन्द्र नागवंशी, सोहन कुंजाम,बंटी मरकाम, युवराज मरकाम, कृष्ण कुमार मरकाम आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा