छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 37 मरीज सक्रिय

 

रायपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश में अभी 37 मरीज सक्रिय हैं।

स्वास्थ्य विभाग से बुधवार काे जारी आंकड़ाें के अनुसार एक जनवरी 2026 से एक सितंबर तक प्रदेश में 158 एच1एन1 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 37 मरीज सक्रिय हैं। जिलेवार आंकड़ों में रायपुर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 66 एच1एन1 मामले सामने आए हैं, जिनमें 8 मरीज अभी सक्रिय हैं। वहीं दुर्ग में 17 मामले दर्ज हुए हैं और यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा 9 सक्रिय मामले हैं।

रायपुर के बाद बिलासपुर में 20, दुर्ग में 17, रायगढ़ में 10, धमतरी और कोरबा में 9-9, राजनांदगांव में 4, जबकि बस्तर और बेमेतरा में 3-3 एच1एन1 मामले सामने आए हैं। जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, महासमुंद, एमसीबी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सक्ती में 1-1 मामला सामने आया है।

वहीं मिले आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में इस अवधि में एच1एन1 का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

प्रदेश में कुल 158 मामलों में से 37 मरीज अभी सक्रिय हैं। सक्रिय मामले में दुर्ग 9 मरीजों के साथ पहले स्थान पर है। रायपुर में 8, कोरबा में 4, रायगढ़ में 3, बस्तर और राजनांदगांव में 2-2 तथा बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, जशपुर, कांकेर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सूरजपुर में 1-1 सक्रिय मरीज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल