जांजगीर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 35 हजार रुपये रिश्वत लेते तीन अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
जांजगीर चांपा, 20 मार्च (हि. स.)। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) द्वारा चलाए जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत आज शुक्रवार को बिलासपुर एसीबी इकाई ने जांजगीर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएसपीडीसीएल के तीन अधिकारियों को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपिताें में सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 कर्मचारी देवेंद्र राठौर शामिल हैं।
एसीबी डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि जांजगीर निवासी प्रदीप यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट स्थापित करना चाहता है। इसके लिए ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने हेतु आवेदन एवं डिमांड नोट जमा करने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के अनुसार, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला द्वारा 10 हजार रुपये तथा सहायक अभियंता विजय नोर्गे और उनके सहायक देवेंद्र राठौर द्वारा 25 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपिताें को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी ने बनाई योजना
एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जो सही पाया गया। इसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। योजना के तहत शिकायतकर्ता को सीएसपीडीसीएल कार्यालय जांजगीर भेजा गया, जहां उसने पहले 10 हजार रुपये उप अभियंता शुक्ला को दिए। इसके बाद सहायक अभियंता नोर्गे के निर्देश पर 25 हजार रुपये उनके सहायक देवेंद्र राठौर को दिए गए।
रिश्वत राशि देते ही शिकायतकर्ता ने संकेत दिया, जिस पर पहले से तैनात एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपिताें को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कुल 35 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी द्वारा आरोपिताें के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT