बलरामपुर जिले में 01 से 07 अक्टूबर तक लगेंगे 34 सेवा सेतु शिविर
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)।समय-सीमा की बैठक में आज सोमवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 01 से 07 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम और जनपद सीईओ को निर्धारित तिथि से पहले तैयारियां पूरी करने तथा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ मुनादी सहित अन्य माध्यमों से ग्रामीणों तक जानकारी पहुंचाने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों का लाभ उठा सकें। ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना पर आधारित इन शिविरों में केंद्र सरकार द्वारा चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविरों में नागरिकों के आवेदन और शिकायतें प्राप्त कर यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जबकि शेष प्रकरणों की कलेक्टर स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी।
जिले के छह विकासखंडों में सात दिनों के दौरान कुल 34 शिविर लगाए जाएंगे। इनमें बलरामपुर, राजपुर और रामचंद्रपुर में सात-सात, कुसमी में पांच तथा शंकरगढ़ और वाड्रफनगर में चार-चार शिविर शामिल हैं। 01 अक्टूबर को रखतापारा दोहना, ग्राम पंचायत रघुनाथनगर, बाजारपारा करौंधा, ग्राम पंचायत कोदिहा, दलधोवा-केरता-कपिलदेवपुर-सरनाडीह के पंचायत भवन तथा ग्राम पंचायत सनावल में शिविर आयोजित होंगे।
बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत शेष ग्रामों की नल-जल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भौतिक सत्यापन के दौरान निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच करने को कहा। जिन योजनाओं में जल स्रोत उपलब्ध है और आवश्यक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें बिना विलंब शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने चावल जमा की स्थिति के साथ एग्री स्टैक, सीएम हेल्पलाइन, पारस पोर्टल, जनदर्शन और जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों व लंबित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, अभिषेक गुप्ता, सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय