वाड्रफनगर के 450 स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’
बलरामपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड वाड्रफनगर के 52 संकुलों के करीब 450 विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रमों में 32 हजार 706 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
विद्यालयों में भाषण, चित्रकला, मेंहदी, वाद-विवाद और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण और वाद-विवाद में विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं चित्रकला और मेंहदी प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा दिखाई। कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के तहत विद्यालय परिसरों में विशेष न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को एक साथ बैठाकर भोजन कराया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और साथ बैठकर भोजन करने की भावना को बढ़ावा देना था।
विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन परोसा गया। शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने भोजन वितरण के साथ स्वच्छता और व्यवस्था का भी ध्यान रखा।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एम. आर. यादव, नगर पंचायत वाड्रफनगर अध्यक्ष मनसाय, मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र द्विवेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पंथ, पीएम श्री विद्यालय वाड्रफनगर के प्राचार्य सुजीत गुप्ता और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य आर. के. सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में शामिल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर मिलता है तथा उनके व्यक्तित्व विकास में भी मदद मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय