अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं पर्यावरणीय भ्रमण पर नेपाल जाएगी छत्तीसगढ़ की 30 सदस्यीय टीम

 


जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। शिक्षा, विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और शैक्षणिक नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़’ का 30 सदस्यीय दल 19 से 24 नवंबर तक नेपाल के शैक्षणिक एवं पर्यावरणीय भ्रमण पर रहेगा। यह यात्रा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, वैज्ञानिक चेतना और भारत-नेपाल के बीच शैक्षणिक अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अभियान होगी।

संस्था के सचिव भुवनेश्वर मरकाम के नेतृत्व में इस दल में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शिक्षक, विज्ञान शिक्षाविद्, पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। दल में लखन लाल साहू, मनीष अहीर, कुमार मंडावी, बृजलाल मंडावी, आत्माराम साहू, चन्द्रिका सिंह, सुरेखा पूरेन्द्र, एच.एन. कुर्रे, ध्रुव कुमार महंत, संजय सिंगौर, हेमशंकर सिन्हा, हेमंत रत्नाकर, नीरजा अहिरवार, खेमलता, पुष्पा कमल और चंद्रिका पटेल सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

नेपाल प्रवास के दौरान 21 एवं 22 नवंबर को राजधानी काठमांडू में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जैव विविधता पर केंद्रित शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित होंगी। इस दौरान हिमालयी पारिस्थितिकी, पर्वतीय वनस्पतियों, जलस्रोतों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का अध्ययन किया जाएगा। माउंट एवरेस्ट बेस कैंप का प्रस्तावित अवलोकन भी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेगा। वहीं 23 नवंबर को ऐतिहासिक नगर जनकपुर में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित होगा।

पर्यावरण विशेषज्ञ मनीष अहीर ने बताया कि हिमालय भारत और नेपाल की साझा प्राकृतिक धरोहर है। जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और जैव विविधता का ह्रास वैश्विक चुनौतियां हैं। इनके संरक्षण के लिए जनभागीदारी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण जरूरी है। नेपाल से प्राप्त अनुभवों को छत्तीसगढ़ के शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज तक पहुंचाया जाएगा।

यात्रा के मिडिया प्रभारी नीलमणी साहू ने बताया कि अभियान का उद्देश्य भारत-नेपाल के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय संबंधों को मजबूत करना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति अंतरराष्ट्रीय जागरूकता बढ़ाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे