37 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 


धमतरी, 06 मई (हि.स.)। ओड़िशा से खरीदकर कार के डिक्की में छिपाकर महाराष्ट्र-नासिक गांजा ले जा रहे तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 37.800 किलोग्राम गांजा जब्त कर तीनों के खिलाफ कार्रवाई उपरांत बुधवार काे जेल भेज दिया है।

पुलिस लगातार गांजा तस्करों पर शिकंजा कस रहा है, इससे गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े माफियों में दहशत है। पिछले 24 घंटों में पुलिस ने नगरी क्षेत्र से 92.770 किलो गांजा जब्त कर कार्रवाई किया है।

नगरी ब्लाॅक के प्रभावित क्षेत्रों में माओवाद खत्म होने के बाद पुलिस अब सिर्फ गांजा तस्करों को पकड़ने जुटी हुई है। इसके लिए पिछले दिनों नवरंगपुर ओड़िशा के बोरई, कुन्दई एवं कोंडागांव के विश्रामपुरी ट्राई-जंक्शन पर अंतर्राज्यीय समन्वय को मजबूत कर रणनीतिक रूप से चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां सतत चेकिंग की जा रही है। इससे पुलिस को सफलता मिल रही है। यही वजह है कि पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 92.770 किलो गांजा जब्त कर कार्रवाई की है।

पुलिस ने बताया कि पांच मई को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मैनपुर की ओर से एक कार में सवार तीन व्यक्ति अवैध गांजा लेकर धमतरी की ओर आ रहे हैं, सूचना पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने सांकरा चेक पोस्ट नाका में सघन वाहन चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध कार को यहां जांच के लिए रोका और सूक्ष्म जांच एवं तलाशी लेने पर डिक्की में छिपाकर रखे 44 पैकेट गांजा बरामद किए गए। गांजा की कुल वजन 37.800 किलोग्राम पाया गया।जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये है।

पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को बताया कि गांजा भवानीपटना ओडिशा से खरीदकर बिक्री करने के उद्देश्य से नासिक महाराष्ट्र ले जा रहे थे। गिरफ्तार तस्करों में अजय नंदू जाधव 27 वर्ष राजनगांव, 14 चारी रोड राहता, थाना राहता, जिला अहमद नगर महाराष्ट्र, मनोहर बालाजी कांबले 35 वर्ष निवासी नगर देवी मंदिर परिसर शिंदे नासिक-महाराष्ट्र और अंतावन राजू पगारे उम्र 19 वर्ष गौतम नगर राहता जिला अहमद नगर महाराष्ट्र निवासी है। पुलिस ने तीनों तस्करों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि सिहावा पुलिस ने एक दिन पूर्व ही सांकरा चेक पोस्ट पर एक कार के साथ 54.970 किलोग्राम गांजा जब्त कर कार्रवाई की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा