कोंडागांव में नक्सली डंप से 29.65 किलो विस्फोटक सहित कई संदिग्ध सामग्री बरामद
कोंडागांव, 20 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के थाना पुंगारपाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेड़मा में पुलिस को आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार काे सुरक्षाबलों ने जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के छिपाए गए विस्फोटक और अन्य सामग्री का बड़ा नक्सली डंप बरामद किया गया है।
पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 29.65 किलोग्राम विस्फोटक मिश्रण सहित कई संदिग्ध सामग्री बरामद किए हैं। अभियान में नक्सल सेल, डीआरजी-बस्तर फाइटर्स और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम शामिल थी। कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस को आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर बेड़मा के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध नक्सली डंप की मौजूदगी का पता चला था। इसके बाद संयुक्त सुरक्षा टीम ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सल सामग्री बरामद किया। सुरक्षाबलों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी और डी-माइनिंग की कार्रवाई की गई । यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा और कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व डीएसपी (ऑप्स) सिद्धार्थ बघेल ने किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुुसार अभियान के दौरान एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, करीब 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 11 बैटरी सेट बरामद किए गए। इसके अलावा 14 छोटे-बड़े टिफिन, सल्फर, सोडियम नाइट्रेट और अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली है। तीन टिफिन में रखे विस्फोटक मिश्रण समेत कुल 29.65 किलोग्राम विस्फोटक मिश्रण बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। विस्फोटक सामग्री के अलावा तलाशी अभियान में वॉकी-टॉकी चार्जर, मल्टीमीटर, सिरिंज, रस्सी, विभिन्न औजार, जूते-चप्पल एवं अन्य नक्सल सामग्री जप्त किए गये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे