ग्राम सिरसिदा में प्रभु ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम से 261 क्विंटल धान जब्त

 


धमतरी, 14 जनवरी (हि.स.)। जिले में अवैध धान भंडारण एवं धान खरीद से जुड़ी अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व विभाग एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी की संयुक्त टीम ने आज कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा स्थित प्रभु ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में कुल 261 क्विंटल धान (652 बोरियां) अवैध रूप से संग्रहित पाई गईं। संबंधित व्यापारी द्वारा धान के वैध क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रथम दृष्टया यह मामला मंडी अधिनियम के उल्लंघन का पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संग्रहित धान को जब्त कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई पूर्ण होने तक धान को व्यापारी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूर्ण होने के पश्चात नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन अवधि के दौरान अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं किसानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा