जांजगीर-चांपा में पाइप लाइन के पास मिला 23 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
जांजगीर-चांपा, 2 सितंबर (हि. स.)। नैला पुलिस चौकी क्षेत्र में सरखो और तेंदुभाठा के बीच आज बुधवार सुबह पाइप लाइन के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेंदुभाठा निवासी 23 वर्षीय सोनू साहू के रूप में हुई है। युवक का शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरखो और तेंदुभाठा के बीच पाइप लाइन के पास लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े आवश्यक तथ्यों की जानकारी ली। पुलिस द्वारा शव की पहचान की पुष्टि करने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शव मिलने के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT