सेवा संकल्प अभियानः मड़वा विद्युत संयंत्र के अस्पताल में 23 लोगों ने किया रक्तदान

 




जांजगीर 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान जारी है। इस अभियान के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह संयंत्र (एबीवीटीपीएस) मड़वा में बुधवार को जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में विभागीय अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्युत संयंत्र के मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने कहा कि सेवा संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता की जा सकती है। इस अवसर पर रक्तदाताओं को मुख्य अभियंता के हाथों प्रमाण-पत्र वितरित किया गया।

वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डाॅ. विकेंद्र सिंह ने बताया कि मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए कुल 23 समर्पित रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर ‘‘रक्तदान-महादान’’ के संकल्प को जीवंत किया है। इसमें अधिकारी, कर्मचारी एवं चिकित्सकों ने भी रक्तदान कर अपना अमूल्य योगदान दिया।

शिविर का सबसे प्रेरक और सशक्त पहलू नारी शक्ति द्वारा अग्रणी भागीदारी का निभाना है। यहां मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हुए न केवल समाज को नई दिशा दी, बल्कि इस पुनीत कार्य की गरिमा को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया। रक्तदान केवल जीवन रक्षा का उपक्रम नहीं, बल्कि इंसानियत के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। विद्युत संयंत्र के अतिरिक्त मुख्य आलोक लकरा, आरएल. ध्रुव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रक्तदान के इस महायज्ञ को सफल बनाने वाले सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। शिविर में चिकित्साधिकारी डाॅ. कल्पदीप देब सहित अस्पताल स्टाफ ने सक्रिय योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT