धमतरी में किसानों के लिए बड़ी पहल, 22 नई सहकारी समितियों से मजबूत हुई कृषि व्यवस्था

 


धमतरी, 29 जुलाई (हि.स.)। खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों को समय पर खाद, बीज, ऋण और फसल बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिले में 22 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां शुरू होने के बाद अब कुल 96 समितियां 370 ग्राम पंचायतों के 653 गांवों के किसानों को कृषि सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

इस वर्ष जिले में अब तक 29,060 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1,500 मीट्रिक टन अधिक है। किसानों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए करीब 5,000 मीट्रिक टन अतिरिक्त उर्वरक का भंडारण भी किया गया है और सहकारी समितियों के साथ निजी विक्रेताओं के पास भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। बीज वितरण में भी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 12,432 क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए हैं, जो पिछले वर्ष से लगभग 1,400 क्विंटल अधिक है।

कृषि ऋण वितरण में भी तेजी आई है। 350 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 317 करोड़ रुपये का ऋण किसानों को दिया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 265 करोड़ रुपये था। प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत धान, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी, रागी और मूंगफली सहित विभिन्न फसलों का बीमा कराया जा रहा है।

किसान मात्र दो प्रतिशत प्रीमियम अंशदान देकर 31 जुलाई तक निकटतम सहकारी समिति, बैंक, सीएससी, बीमा कंपनी के पोर्टल, मोबाइल ऐप अथवा कृषि विभाग के माध्यम से बीमा करा सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक किसान तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाना तथा कृषि व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा