जांजगीर-चांपा में 21 वर्षीय युवक का पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त (हि. स.)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खिसोरा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत की मेड़ पर अर्जुन के पेड़ से 21 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान उदय कुमार कश्यप के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उदय कुमार कश्यप सोमवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। आज सुबह पिता की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उदय कमरे में मौजूद नहीं था। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास के इलाकों में खोजबीन की।
इसी दौरान खेत की ओर जाने वाले ग्रामीणों की नजर अर्जुन के पेड़ पर फंदे से लटके युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी गांव के सरपंच को दी। सूचना के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान उदय कुमार कश्यप के रूप में की गई।
घटना की सूचना नवागढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के पीछे किसी तरह का पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या अन्य कारण था या नहीं, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि उदय की मौत से पहले की परिस्थितियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में जानकारी सामने आ सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल नवागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT