संशाेधित: 16 टीमों की 200 महिला खिलाड़ियों ने कबड्डी में दिखाया दमखम
अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी स्पर्धा में दूर-दराज से पहुंचीं खिलाड़ी, प्रचार-प्रसार के अभाव में दर्शक रहे कम
धमतरी, 16 सितंबर (हि.स.)। धमतरी। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आबंटित अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय धमतरी में किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय क्षेत्र की 16 टीमों से करीब 200 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और मैदान में अपने खेल कौशल, दमखम और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में धमतरी के अलावा रायपुर, आरंग, अभनपुर, कुरूद, नगरी और गरियाबंद सहित विभिन्न स्थानों से खिलाड़ी प्रतियोगिता में पहुंचीं। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए जोर लगाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रामानंद यदु, अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्य डा अनिता राजपुरिया तथा विशिष्ट अतिथि डा प्रमोद मेने, रूपेंद्र चौहान और डा देवाशीष हाजरा की उपस्थिति में हुआ।
प्राचार्य डा अनिता राजपुरिया ने कहा कि कन्या महाविद्यालय के लिए इस तरह की प्रतियोगिता की मेजबानी गौरव का अवसर है। कबड्डी केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, शक्ति, अनुशासन, रणनीति, आत्मविश्वास और टीम भावना का संगम है। खेल विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बेटियां खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। आयोजन में वरिष्ठ प्राध्यापक डा रोहिणी मरकाम, डा जेएल पाटले, सहायक प्राध्यापक ओपी चन्दे, क्रीड़ाधिकारी डा चंद्रशेखर बांधे सहित विभिन्न महाविद्यालयों के खेल अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्रचार-प्रसार के अभाव में दर्शक कम
अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी स्पर्धा का आयोजन खुले आसमान के नीचे चिलचिलाती गर्मी के बीच हुआ। दो स्थान में से एक स्थान में शेड लगाया गया था, वहीं दूसरी जगह में ऐसी व्यवस्था नहीं थी। मैदान में खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ मुकाबला करती नजर आईं, लेकिन प्रतियोगिता को देखने के लिए खेल प्रेमियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। आयोजन से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण स्थानीय खेल प्रेमियों को प्रतियोगिता की जानकारी नहीं मिल सकी। खेल प्रेमियों का कहना है कि आयोजन का बेहतर प्रचार किया जाता तो बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते और महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होता।
23 व 24 सितंबर को मस्तूरी बिलासपुर में होगी आगामी प्रतियोगिता
क्रीड़ाधिकारी डा चंद्रशेखर बांधे ने बताया कि 16 टीम के 200 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं चयनित प्रतिभागी आगे की प्रतियोगितामें भाग लेंगे। राज्य स्तरीय कबड्डी खेल स्पर्धा 23 व 24 सितंबर को मस्तूरी बिलासपुर में आयोजित है। इसके बाद इंटर यूनिवर्सिटी,आल इंडिया फिर खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन होगा यहां 14 खिलाड़ियों का सिलेक्शन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा