बांगो बांध से दाे जलद्वार बंद, अब सात गेट से छोड़ा जा रहा अतिरिक्त पानी
कोरबा 19 अगस्त (हि.स.)। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में पानी की आवक कम होने के कारण जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों से चर्चा एवं उनके निर्देशानुसार बांध के दो जलद्वार बंद किए गए हैं। अब कुल 7 जलद्वारों के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि आज बुधवार को शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे के बीच बांध में पानी की आवक कम होने के कारण पिछले तीन घंटे में जलस्तर में करीब 3 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। बांध के जलभराव को नियंत्रित करने के लिए जलद्वारों की कुल ओपनिंग 6.00 मीटर से घटाकर 5.00 मीटर कर दी गई है।
वर्तमान में बांध से अतिरिक्त पानी की निकासी 7 जलद्वारों एवं पावर हाउस के माध्यम से की जा रही है। शाम 7:30 बजे की स्थिति में बांध का जलस्तर 358.24 मीटर (91.54 प्रतिशत) दर्ज किया गया। बांध में पानी का इनफ्लो 23,732 क्यूसेक तथा आउटफ्लो 35,807 क्यूसेक है।
जल संसाधन विभाग द्वारा बांध के जलस्तर, पानी की आवक एवं निकासी की सतत निगरानी की जा रही है तथा परिस्थितियों के अनुसार जलद्वारों के संचालन का निर्णय लिया जा रहा है। इसी तरह दर्री बांध के 4 गेट खोले गए हैं
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी