17 सितंबर को चार लाख 11 हजार 111 दीयों से रोशन होगा सूरजपुर
सूरजपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत सूरजपुर जिले में 4 लाख 11 हजार 111 दीये जलाकर सेवा, संकल्प और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम सूरजपुर विकासखंड के रंगमंच में आयोजित किया जाएगा, जहां 18,111 दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। जिला प्रशासन ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी देने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिलेवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि जब हर घर से सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता का दीप जलेगा, तो सामूहिक संकल्प का संदेश समाज तक पहुंचेगा। सूरजपुर जिले में एक साथ 4 लाख 11 हजार 111 दीयों का प्रज्ज्वलन जनभागीदारी और सेवा भावना का संदेश देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय