छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 16 नए मरीजों की पुष्टि, संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 251
रायपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में आज साेमवार काे स्वाइन फ्लू के 16 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 8 मरीज रायपुर से सामने आए हैं।
इसके अलावा बिलासपुर में 3, कोरबा में 4 और रायगढ़ में एक मरीज मिला है। नए मामलों के साथ ही जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 251 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा स्वाइन फ्लू के मामले रायपुर जिले में सामने आए हैं। यहां कुल 108 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। नए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
प्रदेश में फिलहाल 89 स्वाइन फ्लू के मरीज सक्रिय हैं। इनमें से 22 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि 67 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। राहत की बात यह है कि जनवरी से अब तक स्वाइन फ्लू से प्रदेश में एक भी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी के साथ अस्पतालों में उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल