कोरबा में विकास कार्यों के लिए 1.50 करोड़ रुपये मंजूर

 


कोरबा, 1 सितम्बर (हि. स.)। नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, जिला कोरबा द्वारा कुल 1.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृति मिलने पर मंत्री देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

स्वीकृत राशि से नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, शेड, मुक्तिधाम, बाउंड्रीवाल सहित अन्य अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।

इन कार्यों को मिली स्वीकृति

वार्ड क्रमांक 15 टीपी नगर में टैगोर उद्यान के पास शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा पानी टंकी अखबार वितरण संघ कार्यालय के पास बाउंड्रीवाल एवं शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वार्ड क्रमांक 13 शारदा विहार फेस-1 में दुर्गा पंडाल में आरसीसी कांक्रीटीकरण एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 21 सीएसईबी कॉलोनी में दुर्गा भवानी मातृ समिति पूजा पंडाल के पास कांक्रीटीकरण एवं विस्तार कार्य के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

वार्ड क्रमांक 62 सर्वमंगला नगर में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 58 केंदईखार में दो स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 22 आरामशीन में कबीर महंत समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसी तरह वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया के साहू मोहल्ला स्थित मुक्तिधाम निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 22 आरामशीन में शिव मंदिर के पास शेड एवं विस्तार कार्य के लिए 15 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 15 में बाल विहार स्कूल के पास शेड एवं अन्य विस्तार कार्य के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 49 राजीव नगर में मंच के पास शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 11 संजय नगर में सामुदायिक भवन के पास बाउंड्रीवाल एवं अन्य विस्तार कार्य के लिए 8 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र में सड़क, नाली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही सार्वजनिक उपयोग की अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी