ऑपरेशन रक्षा सूत्र के तहत सैनिकों को भेजीं 14,142 राखियां

 


धमतरी, 05 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ऑपरेशन रक्षा सूत्र अभियान के तहत जिले के वीर सैनिकों के लिए आज बुधवार काे 14,142 राखियां जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रेषित की गईं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पर्यवेक्षकों, सभी सीडीपीओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अभियान का उद्देश्य सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति जिले की मातृशक्ति एवं बहनों की आत्मीय भावनाओं को व्यक्त करने के साथ समाज में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है तथा इस अभियान के माध्यम से जिले की बहनों ने सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता का संदेश भेजा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि विभागीय टीम ने निर्धारित समय में राखियों का संकलन कर उन्हें जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सैनिकों तक भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की। विभाग की इस पहल को सामाजिक संवेदनशीलता, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला प्रेरक अभियान माना जा रहा है

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा