बस्तर जिले में 1350 राशन कार्ड निरस्त, 31 अगस्त तक ई-केवाईसी व नवीनीकरण की अपील

 


जगदलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्डों के नवीनीकरण और ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी है। इसके बावजूद लगभग 05 हजार राशन कार्डों का अब तक नवीनीकरण नहीं कराया गया है। इनमें करीब 3 हजार एपीएल और एक हजार बीपीएल कार्डधारी शामिल हैं।

वहीं, पलायन, मृत्यु समेत अन्य कारणों से लगभग 1350 राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं। नवीनीकरण से छूटे हितग्राहियों को अब प्रशासन ने राहत देते हुए नवीनीकरण और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। विभाग की ओर से ऐसे सभी हितग्राहियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन कार्ड का ई-केवाईसीएवं नवीनीकरण कराने की अपील की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को राशन का लाभ मिलता रहे।

खाद्य विभाग से शनिवार काे मिली जानकारी के अनुसार बस्तर जिले में वर्तमान में करीब दाे लाख 6 हजार राशन कार्डधारक हैं। इनके माध्यम से 7 लाख 90 हजार से अधिक हितग्राहियों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में राशन कार्ड पांच प्रमुख श्रेणियों में बनाए गए हैं। इनमें अंत्योदय श्रेणी के 45,510, प्राथमिकता श्रेणी के 1,33,174, नि:शक्त श्रेणी के 63, निराश्रित श्रेणी के 460 और सामान्य श्रेणी के 17,160 राशन कार्ड शामिल है जिले में अब तक 60 हजार से अधिक हितग्राहियों की ई-केवाईसी लंबित है। विभाग की ओर से पिछले वर्ष से ई-केवाईसी की प्रक्रिया कराई जा रही है। खाद्य विभाग ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे 31 अगस्त तक राशन कार्ड का नवीनीकरण और लंबित ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे