चर्रा में 13 क्विंटल, बिरझुली व सेमरा में 120 कट्टा धान जब्त
धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)।धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने तथा अवैध धान के भंडारण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कुरुद तहसील के ग्राम चर्रा में कार्रवाई करते हुए फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश महावर के यहां 13 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
इसी तरह 17 नवंबर को तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं मंडी कर्मचारियों की संयुक्त टीम औचक निरीक्षण कर दो स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 120 कट्टा धान जब्त किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिरझूली में छोटे व्यापारी राजेंद्र साहू के पास निर्धारित मात्रा से अधिक धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 80 कट्टा धान जब्त किया गया।
इसी तरह ग्राम सेमरा में फुटकर व्यापारी रमेश खंडेलवाल के दुकान परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान परिसर में भंडारित 40 कट्टा अवैध धान पाए जाने पर टीम द्वारा उक्त धान जब्त कर मंडी अधिनियम के प्रविधानों के तहत कार्रवाई की गई। जब्त धान को आगे की नियमानुसार कार्रवाई के लिए दुकान संचालक रमेश खंडेलवाल की सुपुर्दगी में दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा