धमतरी : भूगोल–भौतिक शास्त्र के पर्चे के साथ 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू, 27 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
धमतरी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा शुक्रवार से जिले में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई। पहले ही दिन विद्यार्थियों ने भूगोल और भौतिक शास्त्र का प्रश्न पत्र हल किया। सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चली परीक्षा में परीक्षार्थियों का उत्साह देखने लायक रहा।
जिले के 81 परीक्षा केंद्रों में कुल 5788 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5761 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 27 छात्र अनुपस्थित रहे। सबसे अधिक 28 परीक्षा केंद्र कुरूद विकासखंड में बनाए गए हैं। इस वर्ष रिसगांव और कोसमर्रा स्कूल को नए परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर 16 उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दल में दो-दो अधिकारी तैनात हैं। शिक्षा विभाग की दो विशेष टीमें भी निगरानी में लगी रहीं। वहीं विकासखंड स्र पर चार-चार अधिकारियों की अलग टीमों का गठन किया गया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी अभय कुमार जायसवाल ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए व्यापक तैयारी की गई थी। सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिसके चलते कक्षा 12वीं की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
सरल रहा प्रश्न पत्र, छात्रों के चेहरे खिले:
परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अधिकांश विद्यार्थियों ने प्रश्न पत्र को अपेक्षाकृत सरल बताया। छात्र भूपेश कुमार साहू, देवेंद्र साहू और पुलकित देवांगन ने कहा कि प्रश्न पाठ्यक्रम आधारित और संतुलित थे, जिन्हें निर्धारित समय में आसानी से हल किया जा सका। विद्युत चुंबकीय तरंग तथा फोटोग्राफी से जुड़े प्रश्न विद्यार्थियों को सरल लगे। छात्र केशव सिंह ने भी बताया कि बोर्ड परीक्षा का पहला प्रश्न पत्र सहज और समझने योग्य था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा