निर्माणाधीन मकान में 11 केवी लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत

 

बिलासपुर/रायपुर , 04 अगस्त (हि.स.)। बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय पुलिस के अनुसार मजदूर जब निर्माण कार्य (दीवार जोड़ाई) कर रहे थे, तभी वे अचानक पास से गुजर रही 11,000 वोल्ट (11 केवी) की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। करंट इतना भयानक था कि दोनों मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक मजदूरों की पहचान भूपेंद्र साहू एवं रवि बंजारे के रूप में की गई है । हादसा इतना भयावह था कि एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी बताए जा रहे हैं। जिस निर्माणाधीन मकान में यह हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया जा रहा है।

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के कारण सुरक्षा में लापरवाही सामने आने की आशंका जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा