लोहंडीगुड़ा के बड़े धाराउर में आयोजित शिविर में 116 मामलों का मौके पर हुआ निराकरण
जगदलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत विकासखंड लोहंडीगुड़ा के बड़े धाराउर में शुक्रवार काे एक वृहद शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों के पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीणजन सम्मिलित हुए शिविर में ग्रामीणों से विभिन्न समस्याओं, मांगों और कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 140 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर प्रशासनिक अमले ने सक्रियता दिखाते हुए 116 प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण किया।
इस अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। त्वरित पहल करते हुए मौके पर ही 09 पेंशन हितग्राहियों के आवेदनों का निराकरण कर पेंशन स्वीकृत की गई, जबकि 05 आवास हितग्राहियों को उनके पक्के आवास की खुशियों की चाबी सौंपी गई। स्वास्थ्य व पहचान से संबंधित सेवाओं के तहत 15 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और 14 हितग्राहियों के आधार कार्ड बनाए गए। वहीं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मत्स्यपालन विभाग द्वारा 13 हितग्राहियों को आवश्यक उपकरण तैयार कर वितरित किए गए।
शिविर में जनसमस्याओं को सुनने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जनप्रतिनिधि एवं उच्चाधिकारी संयुक्त रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. बसंत कश्यप, सहित क्षेत्र के सरपंचगण एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने शिविर में ग्रामीणों से रूबरू होकर सीधा संवाद किया और शेष आवेदन पत्रों को भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सुश्री नंदिनी साहू, तहसीलदार कैलाश पोयाम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पांडे तथा अन्य विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे