मां दंतेश्वरी मंदिर की 11 दान-पेटियाें से 21.62 लाख नगद सहित सोने-चांदी के आभूषण व मन्नत के पत्र मिल
दंतेवाड़ा, 22 सितंबर (हि.स.)। मां दंतेश्वरी मंदिर दंतेवाड़ा की दान पेटियां 07 महीने 24 दिन बाद शारदीय नवरात्रि से पहले मंगलवार काे मंदिर की कुल 11 दान पेटियां खोली गईं। इनसे 21 लाख 62 हजार 331 रुपये नगद मिले। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और भक्तों के मन्नत के पत्र भी मिले हैं।
दान पेटियों से मिले आभूषणों और अन्य सामग्री को सुरक्षित रखा गया है। भक्तों ने नौकरी, संतान प्राप्ति सहित अलग-अलग मन्नतों को लेकर मां दंतेश्वरी के नाम पत्र पेटियों में डाले थे। इन पत्रों को भी पेटियां खोलने के दौरान निकाला गया, इस दाैरान भक्तों की निजता का ध्यान रखा गया है।
मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटियां इससे पहले 28 जनवरी 2026 को खोली गई थीं। उस समय पेटियों से 19 लाख 44 हजार 448 रुपये नगद मिले थे। इस बार पिछली बार की तुलना में 2 लाख 17 हजार 883 रुपये ज्यादा मिले हैं। साल में दाे बार दानपेटी खोली जाती है। शारदीय नवरात्र, चैत्र नवरात्रि, न्यू ईयर, और फागुन मेला के समय मंदिर में भक्तों की ज्यादा भीड़ होती है। भक्त अपनी मनोकामना के अनुसार पैसों से लेकर सोने-चांदी के आभूषण चढ़ाते हैं।
शारदीय नवरात्र को देखते हुए मां दंतेश्वरी मंदिर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की व्यवस्था से जुड़े काम किए जा रहे हैं। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दंतेवाड़ा की संभावना को देखने हुए मंदिर प्रबंधन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे