सामूहिक विवाह समारोह में 11 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
जांजगीर-चांपा, 23 जुलाई (हि. स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को नगर पालिका जांजगीर-चांपा के सांस्कृतिक भवन में आयोजित भव्य सामूहिक कन्या विवाह समारोह में 11 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जांजगीर और नवागढ़ परियोजना क्षेत्र के वर-वधुओं का विवाह संपन्न कराया गया।
समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर अक्षत एवं पुष्प वर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया। उपस्थित अतिथियों ने नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान शासन की कल्याणकारी योजना के अंतर्गत सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
विवाह समारोह में पूरे दिन उत्साह, उल्लास और मंगलमय वातावरण बना रहा। विवाह की सभी रस्में विधिवत संपन्न कराई गईं, जिसके बाद वर-वधु पक्ष के परिजनों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। आयोजन में शामिल सभी आगंतुकों, नवदंपतियों और उनके परिजनों के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।
सामूहिक विवाह समारोह में नगर पालिका जांजगीर-चांपा की अध्यक्ष श्रीमती रेखा गढ़ेवाल सहित जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल, परियोजना अधिकारी श्रीमती अणिमा मिश्रा, परियोजना अधिकारी नवागढ़ पंकज शुक्ला, संबंधित पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में वर-वधु के परिजन एवं नागरिक समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, वर-वधु पक्ष के परिजनों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। सफल आयोजन के साथ सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सहयोग, सादगी और पारिवारिक मूल्यों का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT