योजनाबध्द तरीके से परीक्षा की तैयारी करेंगे 10वीं व 12 वीं के विद्यार्थी
धमतरी, 1 दिसंबर (हि.स.)। दसवीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी घोषित होने के बाद जिला शिक्षा विभाग अलर्ट हो गया हैं। इसी कड़ी में एक दिसंबर को बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिले के सभी प्राचार्यों की बैठक डा शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी में आयोजित किया गया। इस बैठक में योजनाबध्द तरीके से परीक्षा की तैयारी, परीक्षा केंद्र में मूलभूत सुविधाओं सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा 20 फरवरी से 12 वीं और 21 फरवरी से 12 वीं बोर्ड परीक्षा की समय सारणी घोषित कर दी है। इसके बाद से जिला शिक्षा विभाग परीक्षा की तैयारियों में जुट गया हैं। सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी अभय कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में जिले भर के प्राचार्यों की बैठक शोभाराम देवांगन स्कूल में बैठक हुई।
बैठक में डीईओ जायसवाल ने सभी प्राचार्यों से योजनाबध्द तरीके के आधार पर तैयारी कराने के निर्देश दिए। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की अतिरिक्त कक्षाएं लेकर उनके शिक्षा गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया। इस वर्ष शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने पर जोर दिया। पिछले शिक्षा सत्र में कम परीक्षा परिणाम लाने वाले स्कूलों को विशेष रणनीति के साथ तैयारी को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सहायक संचालक देवेश सूर्यवंशी ने बताया कि प्राचार्यों की बैठक लेकर परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त कक्ष, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, परीक्षा हाल में पर्याप्त रोशनी, पर्यवेक्षण कार्य के लिए शिक्षकों की व्यवस्था सहित ब्लू प्रिंट के आधार पर तैयारियों को लेकर चर्चा की है। माशिमं के निर्देश पर 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के साथ ही नौवीं और 11 वीं की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में पिछले शिक्षा सत्र में 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, लेकिन वर्तमान शिक्षा सत्र 2025 - 26 में छह नए केंद्र बनाने के लिए प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है।
इस सत्र में कक्षा 10 वीं में कुल 10441 एवं 12 वीं में कुल 7812 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।इस दौरान बीईओ धमतरी लीलाधर चौधरी, बीईओ नगरी कलिराम साहू, समग्र शिक्षा एपीओ एनके साहू, प्राचार्य बी मैथ्यू, शैलजा पांडेय, पीसी झा, एसके प्रजापति, ए अग्रवाल, परीक्षा विभाग के लेखन साहू सहित अन्य प्राचार्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा