धमतरी जिले में 10वीं का रिजल्ट 76.18 व 12वीं में 84.18 प्रतिशत रहा

 




धमतरी, 29 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश समेत धमतरी जिले के 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट 29 अप्रैल को जारी हुई। जिसमें कक्षा 10वीं बोर्ड में जिले का रिजल्ट 76.18 प्रतिशत और 12वीं बोर्ड का 84.18 प्रतिशत रहा। पिछले साल की तुलना में इस साल के रिजल्ट में कुछ ही प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। जिसमें 10वीं के रिजल्ट में सिर्फ 4.17 प्रतिशत व 12वीं में 2.62 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। पूरे जिले का रिजल्ट संतोषप्रद तो रहा है, लेकिन अभी भी सुधार व अधिक तैयारी की जरूरत है। वहीं कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश के टापटेन सूची में एक भी विद्यार्थी का नाम नहीं आया, जो चिंता का विषय है। जबकि कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा में ग्रामीण अंचल में संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंडेल की एक छात्रा ने राज्य के प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है, जो सराहनीय है। उन्होंने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के कुल पूर्णाक 500 में 487 अंक प्राप्त किया है।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर ने 29 अप्रैल को दोपहर ढाई बजे 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित करने की सूचना सार्वजनिक की थी, ऐसे में दोपहर को विद्यार्थियों व उनके पालकों को रिजल्ट आने का बेसब्री से इंतजार रहा, लेकिन रिजल्ट जारी करने में लेटलतीफी हुई। इस बीच शाम करीब चार बजे 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया, जिसमें धमतरी जिले का रिजल्ट भी शामिल रहा। 10वीं बोर्ड के रिजल्ट जारी होने के साथ प्रदेश के टापटेन की सूची जारी हुई, तो धमतरी जिले के एक भी विद्यार्थियों का नाम नहीं आया, तो मायूसी छा गई थी, लेकिन कक्षा 12वीं बोर्ड की रिजल्ट जारी होने के साथ प्रदेश के टापटेन सूची में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंडेल की छात्रा कुसुमलता बिपरे पुत्री संतोष कुमार बिपरे का नाम राज्य के प्रावीण्य सूची में पांचवें नंबर पर आया, तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जिला स्तर के अधिकारियों ने टापर छात्रा को मोबाइल व उनके घर पहुंचकर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय धमतरी से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा में कुल 8126 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिसमें से 8103 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। इसमें 4213 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 2484 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी और 121 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। इस तरह कुल 6818 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। जबकि 793 विद्यार्थी पूरक रहे हैं। इस परीक्षा में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों ने बाजी मारी है। पूरे परीक्षा में बालकों का 79.40 प्रतिशत रहा है जबकि छात्राओं का 87.33 प्रतिशत रहा है। वहीं कक्षा 10वीं बोर्ड में परीक्षा दिलाने के लिए कुल 10683 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिसमें 10596 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसमें से 4425 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। 3372 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी और 257 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए।

इस तरह कक्षा 10वीं बोर्ड में 8054 विद्यार्थी पास हुए है। जबकि 780 विद्यार्थी पूरक है। कक्षा 10वीं में बालकों का कुल 68.15 प्रतिशत रहा, जबकि बालिकाओं का 82.01 प्रतिशत रहा। कक्षा 10वीं में भी छात्राओं ने बाजीमारी है।

उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2025 में कक्षा 12वीं का रिजल्ट जिले में 81.56 प्रतिशत रहा। जबकि इस साल 12वीं बोर्ड का 84.18 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल की तुलना में इस साल 2.62 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह वर्ष 2025 में कक्षा 10वीं बोर्ड का जिले में रिजल्ट 72.01 प्रतिशत रहा। जबकि इस साल कक्षा 10वीं बोर्ड में जिले का रिजल्ट 76.18 प्रतिशत है। पिछले साल की तुलना में इस साल 4.17 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा