सुरक्षाबलों के जवानों काे प्रेषित किया गया 10471 हस्तनिर्मित राखियां
कोंडागांव, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला कार्यक्रम अधिकारी, रेनू प्रकाश, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र अभियान के अंतर्गत रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर जिले की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के द्वारा देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के लिए 10471 हस्तनिर्मित राखियां तैयार कर पूर्व सैनिक एवं अभियान के संयोजक के माध्यम से आज गुरूवार काे प्रेषित किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य देश की सुरक्षा में निरंतर समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान स्नेह एवं कृतज्ञता प्रकट करना है। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर अपने परिवारों से दूर रहकर राष्ट्र की सेवा कर रहे जवानों तक बहनों के स्नेह का संदेश पहुंचाने के लिए जिले के सभी विकासखंडों एवं परियोजनाओं के आगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह पूर्वक राखियों का निर्माण किया गया। सभी आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने पूरे समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ इस अभियान में भाग लेते हुए सुंदर एवं आकर्षक राखियां तैयार की।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने कहा कि हमारे सैनिक कठिन से कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की सुरक्षा करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करते हैं। ऐसे वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। रक्षाबंधन के अवसर पर भेजी गई यह राखियां केवल धागे नहीं बल्कि पूरे जिले की माताओं, बहनों और आआंगनबाडी परिवार की ओर से प्रेम, विश्वास, सम्मान और शुभकामनाओं का संदेश है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए इस प्रकार का स्नेह और अपनापन अत्यंत प्रेरणादायक होता है। जब उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों से राखिया और शुभकामना संदेश प्राप्त होते हैं, तो उनका मनोबल और अधिक सुदृढ होता है, तथा उन्हें यह विश्वास मिलता है, कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
संयोजक महेन्द्र सिंह राणा एवं भूतपूर्व सैनिक राजेश साहू ने इस अभियान की सफलता के लिए जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पण, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति की भावना की सराहना की। विभाग ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल समाज में सैनिको के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।
ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र अभियान के माध्यम से कोंडागांव जिले ने यह संदेश दिया है, कि देश की रक्षा में जुटे प्रत्येक सैनिक के साथ पूरा समाज खड़ा है। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर भेजी गई 10471 राखियां सैनिकों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त प्रतीक बनकर उनके मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
इस दाैरान नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, दिपेश अरोरा, मनोज जैन, नागेश देवांगन, शीतल पटेल, अविनाश सोरी, कुलवंत चहल, संतोषी देवांगन, प्रियंका दहिया, ननकी वैष्णव, लक्ष्मी ध्रुव, सुमन शुक्ला, सुषमा, रमशिला नाग एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे