जांजगीर चांपा : वेतन वृद्धि एरियर निकालने 10 हजार की रिश्वत, प्राचार्य और बाबू एसीबी के हत्थे चढ़े

 


जांजगीर-चांपा, 03 सितम्बर (हि. स.)। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकालने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते प्राचार्य और स्कूल के सहायक ग्रेड-3 को एसीबी बिलासपुर की टीम ने आज गुरुवार काे रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। दोनों आरोपिताें के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 मनीष राठौर ने एसीबी बिलासपुर इकाई में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद वर्ष 2025 में उसका नियमितीकरण हुआ था। वर्ष 2022 से जून 2026 तक की वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपये एरियर बनता है। इस एरियर की राशि निकालने के लिए स्कूल की प्राचार्य अंजुला सोनी ने उससे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में मनीष के आग्रह करने पर 10 हजार रुपये देने की बात तय हुई।

शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी बिलासपुर ने ट्रैप की योजना बनाई।

आज शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपये की रिश्वती रकम देकर प्राचार्य को देने के लिए भेजा गया। स्कूल पहुंचने पर मनीष ने प्राचार्य अंजुला सोनी को रकम देने का प्रयास किया। बताया गया कि प्राचार्य ने रकम स्वयं लेने के बजाय स्कूल के सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह को देने के लिए कहा।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने 10 हजार रुपये विकास मसीह को दिए। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, आसपास तैनात एसीबी बिलासपुर की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राचार्य अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 एवं 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी बिलासपुर की ओर से यह लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई बताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT