कोरबा के उरगा में अवैध उर्वरक भंडारण का भंडाफोड़, कृषि विभाग ने किया सौ बोरी यूरिया जब्त
कोरबा, 9 जुलाई (हि. स.)। खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के उरगा क्षेत्र में कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज अवैध रूप से भंडारित 100 बोरी (करीब 4.5 टन) आईपीएल यूरिया जब्त किया है। विभाग ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम उरगा के सिलियरी भाटा स्थित एक गोदाम में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में उर्वरक का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां 100 बोरी आईपीएल यूरिया का भंडारण पाया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित खाद विक्रेता से उर्वरक की खरीद-बिक्री से जुड़े बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा गोदाम में रखे गए उर्वरक के भंडारण का उद्देश्य पूछने पर भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
जांच में सामने आया कि श्याम खाद भंडार, उरगा द्वारा बिना घोषित गोदाम में बड़ी मात्रा में यूरिया का अवैध भंडारण किया गया था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उर्वरक का नमूना परीक्षण के लिए लिया और सभी 100 बोरी यूरिया जब्त कर लिए।
विभाग ने जब्त किए गए उर्वरक को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी होने तक महावीर अग्रवाल की सुपुर्दगी में सौंप दिया है। अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। उर्वरकों के अवैध भंडारण, जमाखोरी और नियमों के उल्लंघन के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने खाद विक्रेताओं और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे उर्वरकों के भंडारण और बिक्री से संबंधित सभी नियमों का पालन करें। नियमों के उल्लंघन पर आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी