सारंगढ़-बिलाईगढ़ की 10 महिलाएं बनेंगी ड्रोन दीदी, प्रशिक्षण के लिए पहला बैच रायपुर रवाना
जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, डीजीसीए प्रमाणित संस्थान में सीखेंगी ड्रोन संचालन की तकनीक
जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 नवंबर (हि. स.)। ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पहल शुरू हो गई है। योजना के तहत जिले की 10 महिला प्रतिभागियों के पहले बैच को बुधवार को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए रायपुर रवाना किया गया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार आयोजित इस पहल के तहत सारंगढ़ स्थित रेस्ट हाउस (सर्किट हाउस) से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षणार्थियों के वाहन को रवाना किया। यह सभी महिलाएं रायपुर स्थित डीजीसीए से प्रमाणित आरपीटीओ संस्थान में ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ड्रोन उड़ाने, तकनीकी संचालन, रखरखाव और कृषि कार्यों में इसके उपयोग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सकें।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं ड्रोन के माध्यम से खेतों में उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव जैसी कृषि सेवाएं दे सकेंगी। इससे उनके लिए स्वरोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ मिल सकेगा।
ड्रोन दीदी योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। इस पहल से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर रवि कुमार, रवि यादव, कृषि विभाग से जेपी गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT