राष्ट्रीय शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए बीजापुर के 10 खिलाड़ियों का हुआ चयन
बीजापुर, 24 सितंबर (हि.स.)। दंतेवाड़ा में आयोजित 26वीं राज्यस्तरीय शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में बीजापुर जिले के खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपने खेल कौशल, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। 26वीं राज्यस्तरीय शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में बीजापुर जिले के 10 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीयस्तर की शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इनमें बालक वर्ग के 5 और बालिका वर्ग की 5 खिलाड़ी शामिल हैं। अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीयस्तर पर बस्तर संभाग और बीजापुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 10 खिलाड़ियों का चयन बीजापुर की खेल प्रतिभा की इस सफलता ने जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है।
बीजापुर जैसे वनांचल जिले के खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर बड़े मंचों पर सफलता हासिल की जा सकती है। बालक और बालिका दोनों वर्गों में संभाग का स्वर्ण पदक हासिल करना जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब चयनित 10 खिलाड़ियों की नजरें राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर हैं। जिले वासियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीयस्तर पर भी अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीजापुर और बस्तर संभाग का नाम गौरवान्वित करेंगे।
इस उपलब्धि पर बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने आज गुरूवार काे खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना की। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर उत्तम पंचारी, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे, सहायक खेल अधिकारी डी. सुब्बैया तथा अंतरराष्ट्रीय कोच एवं श्रम निरीक्षक सोपान करणेवार सहित संबंधित अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे