राष्ट्रीय एकता परेड में पहली बार शामिल होंगी कांकेर की 10 महिला बस्तर फाइटर्स

 


कांकेर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की 10 महिला बस्तर फाइटर्स को गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने का अवसर मिला है। पहली बार बस्तर संभाग के जवान इस राष्ट्रीय आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। छत्तीसगढ़ पुलिस की टुकड़ी की कमान पखांजूर के एसडीओपी कुलदीप बंजारे संभाल रहे हैं। वहीं कांकेर की महिला जवानों के नेतृत्व और समन्वय की जिम्मेदारी भी उनके मार्गदर्शन में रहेगी।

31 अक्टूबर को गुजरात के केवड़िया स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भव्य परेड का आयोजन होगा। इसमें देशभर के सुरक्षा बलों की टुकड़ियां शामिल होंगी। छत्तीसगढ़ पुलिस की टुकड़ी में बस्तर संभाग के डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ के जवान भी हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि कांकेर की 10 महिला बस्तर फाइटर्स भी इस परेड में कदमताल करती नजर आएंगी ।

कांकेर एसपी निखिल कुमार राखेचा ने कहा कि कांकेर की 10 महिला बस्तर फाइटर्स की यह उपलब्धि न केवल जिले और संभाग, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। इस बार राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की थीम नक्सल उन्मूलन पर आधारित है। ऐसे में बस्तर संभाग के जवानों की भागीदारी विशेष महत्व रखती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे