सेवा और संगठन भाजपा की ताकत : दिलीप जायसवाल
कटिहार, 23 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में कटिहार शहर के राम दरबार में दो दिवसीय 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान' का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण वर्ग में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल शामिल हुए।
उद्घाटन सत्र के मौके पर मंच पर प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, प्रदेश प्रवक्ता प्रीति शेखर, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. एस. एन. पोद्दार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं में भरता है नई ऊर्जा: डॉ. जायसवाल
'सरकारों की गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका' विषय पर बोलते हुए मुख्य अतिथि डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं राष्ट्र प्रथम के विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संगठन की मजबूती, सेवा भाव और जनसंपर्क ही भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, सेवा, समर्पण एवं संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
संगठन की शक्ति ही सबसे बड़ी पूंजी: राधामोहन शर्मा
वहीं, प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा ने अपने सत्र में विचार रखते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण यह दर्शाता है कि संगठन की शक्ति ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी से मिलकर अंत्योदय एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रथम दिन विभिन्न सत्रों में दी गई वैचारिक जानकारी
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन पूर्व प्रदेश मंत्री स्वदेश यादव, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा और पूर्व एमएलसी राजवंशी सिंह सहित कई प्रमुख वक्ताओं ने अलग-अलग सत्रों में तय विषयों पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।
इस महत्वपूर्ण सांगठनिक कार्यक्रम में जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार सहित जिले के सभी पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, विधानसभा प्रभारी, संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल प्रभारी, भाजपा के सभी सातों मोर्चों के अध्यक्ष और सभी 16 प्रकोष्ठों के संयोजक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह