सुपौल में सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज, डीएम ने नहर सफाई कार्य का किया निरीक्षण

 




सुपौल, 25 मई (हि.स.)। जिले में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रखंड सुपौल अंतर्गत लौकहा पंचायत पहुंचकर “हर खेत तक सिंचाई का पानी” योजना के तहत चल रहे नहर सफाई एवं तटबंध मरम्मत कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कजरा माइनर नहर में चल रहे गाद सफाई (डिसिल्टिंग) और नहर तटबंध मरम्मत कार्य की प्रगति का जायजा लिया। यह योजना जल संसाधन विभाग द्वारा मनरेगा एवं वीबी-जी-राम-जी योजना के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही है।

उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और मनरेगा अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा प्राक्कलन के अनुरूप काम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने मुख्य नहर से निकलने वाली उप शाखा नहरों में पानी के बेहतर प्रवाह को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य नहर में लगे ह्यूम पाइप की सफाई कराने और निर्धारित मानकों के अनुसार गहराई तक तल सफाई कराने को कहा, ताकि किसानों तक निर्बाध रूप से सिंचाई का पानी पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है। योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ही किसानों को समय पर पानी उपलब्ध करा सकता है, जिससे खेती को सीधा लाभ मिलेगा।

इस मौके पर डीआरडीए सुपौल के निदेशक अनित कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी, विभागीय कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र