सारण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ पूरी

 


सारण, 20 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सारण जिले में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इसे लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा सभी जिला स्तरीय एवं क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने 21 जून को होने वाले योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निदेश दिया कि 21 जून को जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ये कार्यक्रम यथासंभव खुले मैदानों या स्थलों पर आयोजित होंगे, जिनमें सभी सरकारी पदाधिकारियों और पर्यवेक्षकीय स्तर के कर्मियों की भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।

इस वर्ष के आयोजन को व्यापक जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस कार्यक्रम में ससम्मान आमंत्रित किया जाए। इसके साथ ही, आम नागरिकों को भी अधिक से अधिक संख्या में इस स्वास्थ्य अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाए ताकि योग का संदेश हर घर तक पहुँच सके।

बच्चों के बेहतर भविष्य और उनके शारीरिक-मानसिक विकास के लिए जिलाधिकारी ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने निदेश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों को योग की प्रारंभिक जानकारी देने हेतु विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएं।

इसके अतिरिक्त, जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम जन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार