सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने निर्माण काम रुकवाया

 




सुपौल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत ठूठी पंचायत के चेनपुर वार्ड संख्या तीन में सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया । प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सड़क में बरती जा रही अनियमितता को लेकर निर्माण कार्य रोक दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसको लेकर ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मौके पर जेई या एसडीओ पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच नहीं करते, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण में नियमानुसार करीब चार इंच मटेरियल बिछाया जाना है, लेकिन निर्माण स्थल पर कथित तौर पर महज ढाई से तीन इंच मटेरियल ही डाला जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन पर भी सवाल उठाए हैं।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए करीब दो किलोमीटर दूर सामग्री तैयार की जाती है और वहां से ट्रैक्टर के माध्यम से निर्माण स्थल तक लाई जाती है।

ग्रामीणों ने इसे भी निर्माण प्रक्रिया के निर्धारित मानकों के विपरीत बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण कार्य अंतिम पड़ाव पर है लेकिन अबतक निर्माण कार्य स्थल पर योजना बोर्ड नहीं लगाया गया है । जबकि की कार्य प्रारंभ होने से पूर्व ही स्थल पर बोर्ड लगना चाहिए था लेकिन अबतक बोर्ड़ नहीं लगना ठेकेदार व विभाग की लापरवाही को दर्शाता है।

निर्माण कार्य रोकने के बाद ग्रामीण सुमन कुमार साह, पवन कुमार, वार्ड सदस्य रामखेलावन साह, लालमोहन साह, उमेष कुमार, अनिल कुमार ठाकुर, रामानन्द पासवान आदि ने ग्रामीण कार्य विभाग के एसडीओ से स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सरकारी राशि से बन रही है, इसलिए निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जब तक निर्माण कार्य की जांच कर स्थिति स्पष्ट नहीं की जाती, तब तक वे निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने देंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि यह कार्य त्रिवेणीगंज के ठेकेदार आरपी रमन के द्वारा कराया जा रहा है। इस बाबत जेई प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले संज्ञान में आया है । कल बुधवार की सुबह साइड पर पहुँच कर इसकी जांच करते हैं । जांचोपरांत ग्रामीणों से भी बात किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र