श्रावणी मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज
भागलपुर, 23 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मेले की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर मंगलवार को समीक्षा भवन के सभागार में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद एसएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुल्तानगंज से कांवड़िया मार्ग का लगभग 15 किलोमीटर हिस्सा भागलपुर जिले में आता है।
इस पूरे रूट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि गंगा घाटों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी और नदी में पुलिस टीम के द्वारा पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी।
एसएसपी ने कहा कि पिछले वर्ष श्रावणी मेले के दौरान जो कमियां सामने आई थीं उन्हें इस बार दूर किया गया है। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार श्रावणी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बेहतर व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर