शासी निकाय के अध्यक्ष बने ईं शैलेंद्र

 


भागलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले के बिहपुर प्रखंड के गौरीपुर स्थित एसडी कॉलेज में शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित हुई। बैठक में शासी निकाय के अध्यक्ष एवं सचिव पद के निर्वाचन की प्रक्रिया सर्वसम्मति से संपन्न हुई। सर्वसम्मति से राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इं. शैलेंद्र को शासी निकाय का अध्यक्ष तथा महादेव सिंह कॉलेज, भागलपुर के प्राचार्य सह शिक्षाविद् सदस्य डा. अरविंद कुमार सिंह को सचिव निर्वाचित किया गया। बैठक में अध्यक्ष पद के लिए डॉ अरविंद कुमार सिंह ने मंत्री इं. शैलेंद्र के नाम का प्रस्ताव रखा। शासी निकाय के सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य धनंजय कुमार मिश्रा के समर्थन के बाद इं. शैलेंद्र को सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद इं. शैलेंद्र ने सचिव पद के लिए डॉ अरविंद कुमार सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि शैलेश प्रसाद सिंह सहित शासी निकाय के सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद डॉ अरविंद कुमार सिंह को सर्वसम्मति से सचिव निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचित अध्यक्ष एवं सचिव को उपस्थित सदस्यों ने बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि दोनों के नेतृत्व में कॉलेज के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में एसडी कॉलेज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में नए प्रयास किए जाएंगे। बैठक में दाता सदस्य सर्वेश कुमार राय, एसडीओ प्रतिनिधि सुधीर कुमार, प्रो. गौतम सहित कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं शासी निकाय के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर