रेलवन ऐप को लेकर डिजिटल जागरूकता अभियान
भागलपुर, 01 मार्च (हि.स.)। डिजिटल इंडिया मिशन एवं भारतीय रेल की डिजिटल यात्री सेवाओं के विस्तार के अनुरूप मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवन ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
रविवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर रेलवन ऐप डिजिटल जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं तथा बोनाफाइड यात्रियों को रेलवन ऐप की प्रमुख सुविधाओं, जैसे आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, पीएनआर एवं कोच स्थिति की जानकारी, डिजिटल प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग तथा रेल मदद, रिफंड अनुरोध एवं यात्रा फीडबैक सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा उपस्थित यात्रियों को अपने मोबाइल फोन पर रेलवन ऐप डाउनलोड करने तथा उसके माध्यम से टिकट बुकिंग एवं अन्य डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही यात्रियों को डिजिटल टिकट जारी करने की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
यह पहल विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं नियमित यात्रियों को डिजिटल सेवाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा सुरक्षित, स्मार्ट एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मालदा मंडल द्वारा भविष्य में भी मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिकाधिक यात्री डिजिटल रूप से सशक्त बन सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर