राघोपुर के सात आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति का निर्देश

 




सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस द्वारा गुरुवार को बाल विकास परियोजना राघोपुर अंतर्गत सात आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 76, 81, 84, 89, 227, 237 एवं 238 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सेविका एवं सहायिका को सभी नामांकित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्धारित मेनू के अनुसार पोषाहार उपलब्ध कराने, गुणवत्तापूर्ण पूर्व-प्राथमिक शिक्षा देने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने पात्र लाभुकों के बीच टीएचआर (टेक होम राशन) का एफआरएस के माध्यम से शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, राघोपुर को संबंधित सेविका, सहायिका एवं महिला पर्यवेक्षिका से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण की तिथि को केंद्र से अनुपस्थित बच्चों के पोषाहार की राशि में नियमानुसार कटौती करते हुए इसकी सूचना जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को देने को कहा गया।

महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रत्येक केंद्र से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए आठ तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लिए तीन पात्र लाभार्थियों के आवेदन का पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। निरीक्षण के बाद सेविका एवं सहायिका द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदन जिला प्रोग्राम कार्यालय, आईसीडीएस को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र