रक्षाबंधन से पहले मिठाई की दुकानों पर जांच की मांग, मिलावट को लेकर लोगों में चिंता

 




सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही जिलेभर के विभिन्न प्रखंडों के बाजारों में खरीदारी का माहौल जोर पकड़ने लगा है। स्टेशन चौक,महावीर चौक,पथरा चौक, निर्मली बाजार, थुमहा बाजार और पिपरा बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर मिठाई और राखी की दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। त्योहार की बढ़ती मांग के बीच मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें संभावित मिलावट को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।

रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व माना जाता है। इस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं। इसके बाद परिवार में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा करने की परंपरा है। ऐसे में बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ जाती है। स्थानीय लोगों एवं ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पर्व से पहले मिठाई दुकानों का निरीक्षण कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि जांच के दौरान दूध, खोवा, घी, तेल समेत मिठाई तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी परखी जानी चाहिए। लोगो ने मांग की है कि जांच में यदि किसी दुकान पर मिलावटी या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री मिलती है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि नियमित जांच से मिलावट करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग, सुपौल से दूरभाष पर संपर्क करने पर बताया गया कि तैयार मिठाइयों की जांच के लिए खाद्य निरीक्षक से संपर्क करना होगा। विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों के दौरान भी खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित होने से लोग बिना किसी चिंता के त्योहार की खुशियां मना सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र