यौन उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
अररिया 21 दिसम्बर(हि.स.)। महिला विकास निगम के तत्वावधान में राजकीयकृत पॉलिटेक्निक कॉलेज में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसरों से युक्त वातावरण के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यशाला में जिला परियोजना प्रबंधक लोभा कुमारी ने पॉश अधिनियम के प्रावधानों, आंतरिक समिति के गठन की प्रक्रिया एवं महत्व के साथ-साथ महिला विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए आंतरिक समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
इस अवसर पर पारा लीगल पर्सन अधिवक्ता मेनिका कुमारी ने कार्यस्थल पर लैंगिक हिंसा के विभिन्न स्वरूपों, उससे बचाव के उपायों, आंतरिक समिति के गठन की विधि एवं उसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने कार्यस्थल पर सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राजकीयकृत पॉलिटेक्निक कॉलेज, अररिया के सभी फैकल्टी सदस्य, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अन्य कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विषय से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर