युवाओं, छात्रों की बेहतरी और शिक्षा के क्षेत्र में नीतीश माॅडल को आगे बढ़ा रही एनडीए सरकार: डाॅ. निहोरा प्रसाद यादव

 

पटना, 17 अगस्त (हि.स.)।

जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. निहोरा प्रसाद यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के युवाओं, छात्रों और रोजगार के सवालों पर जिस संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ अपनी बात रखी, वह राज्य के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों की बहाली, 211 डिग्री काॅलेजों की स्थापना और 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का फैसला बिहार के छात्र-युवाओं के हित में बड़ा फैसला है।

उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद छात्रों को इन माॅडल स्कूलों में आईआईटी और नीट जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था किए जाने की घोषणा स्वागत योग्य कदम है। दरअसल यह उसी सोच का विस्तार है, जिसकी नींव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और अवसरों के विस्तार के लिए रखी थी। वर्तमान एनडीए सरकार उसी नीतीश माॅडल को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा को अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में शिक्षा के बुनियादी ढांचे के विस्तार, स्कूल-काॅलेजों की संख्या बढ़ाने, शिक्षकों की नियुक्ति और छात्र-युवाओं के लिए अवसर पैदा करने पर लगातार जोर दिया गया। मौजूदा सरकार द्वारा उसी विकास की गति को आगे बढ़ाने का परिणाम है कि आज शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नई योजनाओं और संस्थानों की घोषणा हो रही है।

उन्हाेंने कहा

बिहार के युवाओं को बेहतर शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नीतीश कुमार ने जिस विकसित और आत्मनिर्भर बिहार की बुनियाद रखी, उसी नींव पर एनडीए सरकार नए संस्थानों, बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसरों का विस्तार कर रही है। आने वाले समय में बिहार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और इसके लिए मौजूदा सरकार पूरी तरह संकल्पित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी