मालदा मंडल द्वारा सघन टिकट जांच अभियान में 4.55 लाख जुर्माना वसूला गया

 


भागलपुर, 26 मई (हि.स.)। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालदा कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से मालदा मंडल के विभिन्न, विशेषकर अनधिकृत यात्रा संभावित रेलखंडों में नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उक्त आशय की जानकारी मंगलवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी।

उन्होंने बताया कि भागलपुर एवं साहिबगंज–कहलगांव–भागलपुर खंड में तथा गाड़ी संख्या 22948 भागलपुर–सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 13241 राजेंद्र नगर टर्मिनल इंटरसिटी एक्सप्रेस, 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस, 13409 मालदा–किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस, दानापुर–साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, 13334 पटना–दुमका एक्सप्रेस, 12254 अंग एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान टिकट जांच दल एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से संचालित किया गया।

इस सघन जांच अभियान के दौरान 638 टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा के मामलों का पता लगाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 4,55,780 रुपया की जुर्माना राशि प्राप्त की गई, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

उल्लेखनीय है कि मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में, मालदा मंडल रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर विभिन्न पहल कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर